रिकॉर्ड गड़बड़: 57 हजार बोरी धान किया गया जब्त

भास्कर न्यूज| जांजगीर विकासखंड बम्हनीडीह स्थित ओम राइस मिल, भागोडीह में राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई कर भारी मात्रा में अवैध रूप से संग्रहित धान जब्त किया है। संयुक्त टीम ने निरीक्षण के समय मिल परिसर में मिल के प्रोपराइटर आशीष कुमार अग्रवाल उपस्थित िमले। जब दस्तावेज और भौतिक भंडारण का मिलान किया गया, तो स्टॉक रजिस्टर, आवक-जावक पंजी और वास्तविक धान भंडारण में भारी अंतर पाया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मिल में उपलब्ध धान का विधिवत रिकॉर्ड नहीं रखा था, जो सीधे तौर पर अवैध भंडारण और संभावित अवैध खरीदी की ओर इशारा करता है। प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई करते हुए मिलर के कब्जे से कुल 57,150 बोरी धान जब्त किया, जिसका कुल वजन 22,860 क्विंटल आंका गया है। जब्त धान को नियमानुसार सुरक्षित अभिरक्षा में लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला गंभीर अनियमितता का प्रतीत होता है। प्रशासन की संयुक्त टीम कर रही छापेमारी: जिले में कोचियों, बिचौलियों एवं राइस मिलों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अवैध रूप से संग्रहित धान को किसी भी स्थिति में समर्थन मूल्य पर खरीदी की शासकीय प्रक्रिया में न खपाया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *