भास्कर न्यूज| रायगड़ा मकर संक्रांति की पूर्व संध्या पर मनाया जाने वाला भोगी पर्व बुधवार तड़के रायगड़ा शहर के येदु साही इलाके में एक बड़े हादसे का गवाह बना। उत्सव के दौरान आग में पटाखे (तीर) फेंकने से हुए जोरदार विस्फोट में चार युवक लहूलुहान हो गए। धमाका इतना शक्तिशाली था कि पूरा इलाका दहल उठा। मिली जानकारी के अनुसार, तेलुगु समुदाय की परंपरा के तहत लोग देर रात तक लकड़ियां जलाकर भोगी मना रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक उत्साह में आकर आग में ‘तीर’ (एक प्रकार का पटाखा) चला रहे थे। रात करीब 3 बजे, लापरवाही के चलते बचे हुए सभी तीरों को एक साथ आग के हवाले कर दिया गया। इसके परिणामस्वरूप एक भीषण विस्फोट हुआ, जिसका मलबा दूर-दूर तक जा गिरा। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पास में खड़े एक ऑटो रिक्शा के शीशे चकनाचूर हो गए और पास के एक मकान को भी क्षति पहुंची है। धमाके की आवाज सुनकर लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए। घटनास्थल पर चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में घायल युवक बी. बरानी, वी. योगी, किशोर डोरा और बबली रेड्डी है। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को रायगड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, शरीर पर गंभीर घाव और जलने की चोटों के कारण डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद विशाखापट्टनम (आंध्र प्रदेश) के बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। सभी की हालत फिलहाल नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह हादसा पटाखों के असुरक्षित उपयोग और घोर लापरवाही का परिणाम लग रहा है।


