सुकमा| जिले में यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यात्री बसों का निरीक्षण अभियान चलाया गया। इसमें परिवहन विभाग का अमला शामिल था। जिला परिवहन अधिकारी शिवभगत रावटे ने बताया कि निरीक्षण के दौरान 13 बसों में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं। इसके चलते उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए 30 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया। निरीक्षण के दौरान एक यात्री बस पर एक लाख रुपये से अधिक का कर बकाया मिला। बकाया कर जमा नहीं करने के चलते बस को तत्काल जब्त कर लिया गया है। परिवहन अधिकारी ने कहा कि यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा।


