ब्यावर में प्रशासन की ओर से सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार शाम को नूंद्री मालदेव क्षेत्र में पीपलाज माता मंदिर के पास सिवाय चक भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई उपखंड अधिकारी दिव्यांश सिंह के निर्देशन में राजस्व विभाग ने की। तहसीलदार हनुत सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने पटवार हल्का नूंद्री मालदेव के खसरा संख्या 112 और 113 पर कार्रवाई की। यहां कैलाश सिंह पुत्र कानसिंह द्वारा ईंट और पत्थर से अवैध रूप से दीवार का निर्माण कराया जा रहा था। मौके पर पहुंची टीम ने जेसीबी की सहायता से इस अवैध दीवार को हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान संबंधित अतिक्रमी को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने के लिए पाबंद किया गया। इस दौरान पटवारी अरविंद काठात और गिरदावर पांचू सिंह भी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने यह भी बताया कि इस तरह की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।


