भास्कर न्यूज | जांजगीर जिले में सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस के अवसर पर भूतपूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों का सम्मान कार्यक्रम कचहरी चौक स्थित शहीद स्मारक स्थल पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर और पुष्पांजलि देने के साथ हुई। इस अवसर पर सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, भाजपा जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, भूतपूर्व सैनिक, शहीद परिवार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सांसद और पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने अपने उद्बोधन में देश की रक्षा में सशस्त्र बलों के योगदान, त्याग और बलिदान को नमन किया। उन्होंने भूतपूर्व सैनिकों के अनुशासन, सेवा भावना और राष्ट्रभक्ति की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान भूतपूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों का सम्मान करना समाज और राष्ट्र का नैतिक दायित्व है। इस अवसर पर सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा और जिले के अन्य भूतपूर्व सैनिक भी उपस्थित रहे।


