पलामू में गुरुवार को गोलीबारी की घटना हुई, जिसमें एक पूर्व पंचायत समिति सदस्य (पंसस) और एक चाय दुकानदार घायल हो गए। घटना शहर थाना क्षेत्र के कांदू मोहल्ला चौक के पास हुई। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। मुहल्ले का ही आरोपी युवक
जानकारी के अनुसार, अजीत कुमार गुप्ता (50) की चाय दुकान के बाहर पूर्व पंसस नवीन प्रसाद (45) कुछ लोगों के साथ चाय पी रहे थे। इसी दौरान मुहल्ले का ही युवक रविकांत उर्फ गोलू पासवान पीछे से आया और नवीन प्रसाद पर फायरिंग कर दी। स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
नवीन प्रसाद की पीठ में एक गोली लगी, जबकि दूसरी गोली चाय दुकानदार अजीत कुमार गुप्ता के पैर को छूकर निकल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जांच के बाद नवीन प्रसाद को बेहतर इलाज के लिए शहर के श्रीनारायण सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पूर्व पंसस नवीन प्रसाद की पत्नी सुषमा आहूजा मेदिनीनगर नगर निगम की पूर्व वार्ड कमिश्नर रह चुकी हैं। मौके से गोली का खोखा बरामद
घटना की सूचना मिलते ही प्रशिक्षु डीएसपी राजीव कुमार, थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार और टीओपी टू प्रभारी राकेश कुमार अस्पताल पहुंचे और जानकारी ली। पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल का भी मुआयना किया और मौके से गोली का खोखा बरामद किया। पुलिस फायरिंग के कारणों की पड़ताल कर रही है और कई इलाकों में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इधर, इस वारदात से शहर में सनसनी फैल गई है।


