कोटा में चंबल नदी और उसकी खूबसूरत घाटियों के बीच चलने वाली बोट सफारी अब आम लोगों की पहुंच में आने वाली है। किशोरपुरा से गराडिया महादेव तक चलने वाली यह वाटर सफारी लंबे समय से अपनी ऊंची दरों के कारण आम पर्यटकों और शहरवासियों की पहुंच से बाहर थी। लेकिन अब राहत की खबर ये है, कि वन विभाग ने सफारी का किराया कम करने का प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेज दिया है, जिस पर सैद्धांतिक सहमति भी बन चुकी है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के निर्देश पर तैयार किए गए इस प्रस्ताव में आमजन और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो नए पैकेज शामिल किए गए हैं। इनका मकसद ज्यादा से ज्यादा लोगों को चंबल की प्राकृतिक खूबसूरती से जोड़ना और पर्यटन को बढ़ावा देना है। अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही संशोधित दरों को लेकर आदेश जारी किए जा सकते हैं। कोटा में आयोजित ट्रैवल मार्ट के बाद चंबल सफारी का बढ़ा क्रेज हाल ही में कोटा में आयोजित ट्रैवल मार्ट के बाद चंबल सफारी का क्रेज और बढ़ा है। 2 से 4 जनवरी तक चले इस आयोजन में देशभर से टूर ऑपरेटर, ट्रैवल इन्फ्लुएंसर और ब्लॉगर्स पहुंचे थे, जिन्होंने चंबल सफारी को खास आकर्षण के रूप में प्रमोट किया। अब सरकार की मंशा इसे विदेशी पर्यटकों के लिए भी आकर्षक बनाने की है। अगर किराए में कटौती होती है तो न सिर्फ स्थानीय लोग बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक भी चंबल की रोमांचक और खूबसूरत बोट सफारी का भरपूर आनंद ले सकेंगे, जिससे कोटा का पर्यटन उद्योग नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की उम्मीद है। कोटा में कहां तक करवाते हैं चंबल सफारी कोटा की चंबल सफारी किशोरपुरा वन विभाग के ऑफिस के पास जेटी से, चंबल उद्यान के पास से शुरू होकर गराडिया महादेव मंदिर तक जाती है, जिसमें लगभग 20 किलोमीटर का रास्ता होता है और यह घड़ियाल, मगरमच्छ और पक्षियों को देखने का शानदार अनुभव देती है। अभी चंबल सफारी के लिए क्या है रेट
चंबल सफारी के लिए वर्तमान रेट 2 हजार रुपए प्रति व्यक्ति है। ऐसे में लोग चंबल सफारी का आनंद तो लेना चाहते हैं, लेकिन किराया इतना होने के चलते सोचना पड़ता है। सफारी का एक राउंड करीब तीन-चार घंटे का होता है। चंबल सफारी की नई रेट क्या होगी
विभाग की तरफ से दो प्रस्ताव बनाए गए हैं, ताकि लोग चंबल सफारी का आनंद ले सके और जेब पर भार न पडे़। इसके लिए किशोरपुरा जेटी से गराडिया तक बोटिंग का 1400 रुपए प्रति व्यक्ति, इसमें बच्चों की काउंटिंग भी प्रति व्यक्ति होगी और दूसरा रूट कोटा से हैंगिंग ब्रिज तक चंबल सफारी के लिए 800 रुपए का शुल्क का प्रस्ताव दिया गया है। कितने लोग एक बार में सफारी में जाएंगे
टूर ऑपरेटर्स के पास मोटर बोट्स है। एक बोट में एक रूट पर एक बार में 6 पर्यटकों को ले जाया जाएगा। साथ ही किसी भी तकनीकी खराबी के लिए दूसरी बोट हमेशा तैनात रहेगी, कोई तकनीकी खामी बोट में आती है तो दूसरी बोट को लोकेशन पर भेजा जाएगा।


