डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत आतरसोबा गांव में रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से 1 व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान आतरसोबा निवासी विजयपाल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और बिछीवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। आरपीएफ सब इंस्पेक्टर पंकज कुमार ने बताया कि अहमदाबाद से कोटा जाने वाली असारवा-कोटा ट्रेन की चपेट में आने से आतरसोबा और बिलपण गांव के बीच एक युवक की मौत की जानकारी मिली थी।
पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर रेलवे ट्रैक पर पड़े शव को हटवाया। इस घटना के कारण असारवा-कोटा ट्रेन लगभग 15 मिनट तक ट्रैक पर रुकी रही, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचित किया गया। परिजनों ने पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया कि विजयपाल पिछले करीब 20 साल से मानसिक रूप से बीमार थे। उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजनों के लिखित आग्रह पर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया।


