बूंदी में भारतीय थल सेना दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत एक विशेष कार्यक्रम हुआ। इस दौरान युवा मैराथन धावक गोविंद प्रजापत के नेतृत्व में “हर कदम देश के नाम” शीर्षक से 15 किलोमीटर की देशभक्ति दौड़ आयोजित की गई। खेल संकुल, बूंदी से ब्रिगेडियर भूपेश सिंह हाड़ा (शौर्य चक्र, विशिष्ट सेवा पदक) ने तिरंगा झंडा दिखाकर दौड़ को फ्लैग ऑफ किया। इस दौड़ का मुख्य उद्देश्य भारतीय सेना के अदम्य साहस, त्याग और समर्पण को नमन करना और युवाओं में राष्ट्रसेवा की भावना को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने “भारत माता की जय” और “जय जवान जय हिंद” जैसे नारों से वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। युवाओं से सेना से जुड़ने का आह्वान
ब्रिगेडियर हाड़ा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश की वास्तविक शक्ति उसका युवा वर्ग है। उन्होंने जोर दिया कि जब युवा शारीरिक और मानसिक रूप से सक्षम तथा अनुशासित होते हैं, तभी राष्ट्र सशक्त बनता है।
उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय सेना केवल रोजगार ही नहीं देती, बल्कि युवाओं को कुशल, प्रशिक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनाकर राष्ट्रसेवा का अवसर प्रदान करती है। ब्रिगेडियर हाड़ा ने युवाओं से सेना से जुड़ने का आह्वान भी किया। 50 से ज्यादा युवाओं ने दौड़ में लिया भाग
इस प्रेरणादायक आयोजन में शहर के 50 से अधिक युवाओं ने अपनी क्षमतानुसार भाग लिया। कुछ युवाओं ने 1 किलोमीटर, कुछ ने 2 किलोमीटर, जबकि कई युवाओं ने पूरी 15 किलोमीटर की दौड़ पूर्ण कर सैनिकों के सम्मान में अपना योगदान दिया।
खेलकूद विकास समिति के अध्यक्ष शक्ति तोषनीवाल, सचिव दीपक गुर्जर और हिमांशु हाड़ा ने भी दौड़ में सहभागिता निभाई। फिजिकल कोच घनश्याम गुर्जर, अध्यापक पंकज पारिक और कमांडो विजय हाड़ा सहित अनेक युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही। प्रतिभागियों ने संदेश दिया कि यह दौड़ सेना के जवानों के त्याग और बलिदान को नमन करने के लिए आयोजित की गई, जो हर कठिन परिस्थिति में देश की रक्षा करते हैं।


