बालोतरा नगर परिषद शहर में सार्वजनिक सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से निराश्रित एवं बेसहारा पशुओं को शेल्टर हाउस भेजने के लिए अभियान चला रहा है। इस अभियान के तहत अब तक 153 पशुओं को नंदीशाला भेजा जा चुका है। नगर परिषद आयुक्त रामकिशोर मेहता ने बताया कि यदि पशुपालकों के पशु सार्वजनिक स्थानों पर पाए गए तो उनपर 5000 का जुर्माना लगाया जाएगा। अभियान पुलिस और प्रशासन के सहयोग से नियमित रूप से चलाया जा रहा है। टीम द्वारा नगर के प्रमुख मार्गों, चौराहों, बाजार क्षेत्रों, शैक्षणिक संस्थानों और दुर्घटना संभावित स्थानों से निराश्रित पशुओं को हटाया जा रहा है। आयुक्त ने सभी नगरवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान में प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी निराश्रित या बेसहारा पशु की सूचना तुरंत नगर परिषद कार्यालय को दें। नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान निरंतर, सघन और कठोर रूप से जारी रहेगा।


