प्रतापगढ़ पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। छोटीसादड़ी थाना पुलिस ने अवैध रूप से मिट्टी का परिवहन करते हुए इस ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा है। ये कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और वृत्ताधिकारी रामेश्वरलाल के मार्गदर्शन में थानाधिकारी प्रवीण टांक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इसे अंजाम दिया। पुलिस टीम ने नाराणी चौकी पर नाकाबंदी की थी। इसी दौरान छोटीसादड़ी की ओर से एक महिंद्रा 275 ट्रैक्टर आता दिखा, जिसकी बिना नंबर की ट्रॉली में मिट्टी भरी हुई थी। पुलिस को वर्दी में देखकर चालक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कुछ दूरी पहले ही रोक दिया और खेतों की ओर भाग गया। सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) और पुलिस दल ने ट्रैक्टर-ट्रॉली की जांच की, जिसमें अवैध रूप से खनन की गई मिट्टी भरी पाई गई। यह मिट्टी खनिज विभाग की अनुमति और रॉयल्टी के बिना लाई जा रही थी। पुलिस ने चालक की तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कर दिया गया। खनन विभाग को इस संबंध में सूचित कर दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।


