खैरागढ़ में जंपिंग झूले के विवाद में युवक की हत्या:झगड़ा शांत कराने गए युवक पर चाकू से हमला, आरोपी के साथ नाबालिग पकड़ाया

खैरागढ़ के पिपलाकछार गांव में मंडई मेले के दौरान एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पुलिस अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है। यह घटना 13 जनवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे पिपलाकछार के बाजार चौक में हुई। प्रार्थी देशबंधु पटेल की रिपोर्ट के अनुसार, मंडई मेले में जंपिंग झूले में कूदने की बात को लेकर कुछ युवकों के बीच विवाद हो रहा था। मोरध्वज पटेल (26 वर्ष) ने विवाद शांत कराने का प्रयास किया। विवाद शांत कराने गए मोरध्वज पर चाकू से हमला बीच-बचाव के दौरान वहां मौजूद नाबालिग की मोरध्वज पटेल से कहासुनी हो गई। इसके बाद, उसने भीड़ का फायदा उठाकर चाकू से मोरध्वज के पेट पर वार किया। इसके बाद हेमचंद उर्फ हर्षू निषाद ने भी मोरध्वज पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल मोरध्वज को पहले खैरागढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, और फिर राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जंपिंग झूले में कूदने की बात को लेकर हुआ विवाद घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि यह विवाद जंपिंग झूले में कूदने की बात को लेकर शुरू हुआ था। मुखबिरों से मिली सूचना और तकनीकी सबूतों के आधार पर पुलिस ने 14 जनवरी को मुख्य आरोपी हेमचंद निषाद, निवासी अमलीडीह खुर्द, को गिरफ्तार कर लिया। विधि से संघर्षरत बालक की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। फिलहाल, मुख्य आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *