भास्कर न्यूज | कवर्धा पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय महाराजपुर में राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया। स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण प्राचार्य सुशील कुमार ने किया। कक्षा 9वीं के विद्यार्थी सार्थक तम्बोली ने स्वामी विवेकानंद के कृतित्व और व्यक्तित्व की जानकारी साझा की। साथ ही परीक्षा पे चर्चा (12 से 23 जनवरी 2026) कार्यक्रम की शुरुआत की गई। शिक्षक मनोज पुषाम ने विद्यार्थियों को स्वदेशी संकल्प दिलाया, जिसमें विद्यार्थियों ने भाग लिया। स्वदेशी संकल्प दौड़ में भी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभागिता दिखाई। प्राचार्य सुशील ने कहा कि स्वामी विवेकानंद केवल संत या दार्शनिक नहीं थे, बल्कि युवा शक्ति के प्रतीक थे। उनका आत्मविश्वास, विचार और राष्ट्रभक्ति आज भी मार्गदर्शन करती है। उन्होंने हमें सिखाया, उठो, जागो और तब तक मत रुको, जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए। यह जीवन का मंत्र है। आप युवा हैं, आप देश का भविष्य हैं। अपने चरित्र का निर्माण करें, ज्ञान प्राप्त करें और समाज की सेवा करें। आयोजन ने विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना, प्रेरणा और समाज सेवा की भावना जागृत की।


