थाना जामुल क्षेत्र अंतर्गत कैलाश नगर में स्थित एक ज्वेलर्स दुकान में चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है। समय रहते स्थानीय लोगों की सतर्कता से बड़ी चोरी टल गई। चोर ज्वेलर्स दुकान में चोरी करने के लिए पीछे की दीवार को सब्बल और लोहे की रॉड से तोड़कर रास्ता बना रहे थे। लेकिन मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों और स्थानीय लोगों ने चोरों को पकड़ लिया। घटना 13 जनवरी 2026 की रात से 14 जनवरी 2026 की तड़के के बीच की है, जब तीन युवकों ने ज्वेलर्स दुकान में सेंध लगाने की कोशिश की। इस दौरान दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने सुबह 4 बजे फोनकर बुलाया
जानकारी के अनुसार प्रार्थी गोपाल चौरसिया (47), निवासी एलआईजी 2670 हाउसिंग बोर्ड, थाना जामुल, कैलाश नगर मोहनी मंगल के पास किराए की दुकान में चौरसिया ज्वेलर्स के नाम से दुकान संचालित करते हैं। वे 13 जनवरी की रात करीब 9:30 बजे रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। 14 जनवरी की सुबह करीब 4 बजे पड़ोसियों ने उन्हें फोन कर दुकान के पास बुलाया। इसके बाद उन्हें घटना की पूरी जानकारी मिली। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने देखा
जब ज्वेलर्स संचालक गोपाल चौरसिया दुकान पहुंचे, तो वहां लोगों की भीड़ लगी हुई थी। मकान मालिक बाबा कुम्हारे ने बताया कि तीन युवक चोरी की नीयत से दुकान के पीछे की दीवार को सब्बल और लोहे की रॉड से तोड़कर छेद कर रहे थे। आवाज और गतिविधि देखकर आसपास के लोग एकत्र हो गए और दो युवकों को पकड़ लिया गया। इसी दौरान तीसरा युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम आशीष वर्मा और संजय ठाकुर बताए हैं। पूछताछ में उन्होंने फरार साथी का नाम भकानंद बताया। सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, फरार की तलाश जारी
लोगों ने दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। इसके बाद तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है आरोपी जिले से फरार हो चुका है, जिसकी तलाश की जा रही है। प्रार्थी ने बताया कि यदि समय रहते आरोपियों को नहीं पकड़ा जाता, तो दुकान में रखे सोने-चांदी के जेवरात और गल्ले में मौजूद नकदी चोरी हो सकती थी। घटना से दुकान की पीछे की दीवार को नुकसान पहुंचा है।


