धौलपुर में हथियार के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार:वनकर्मी पर हमला करने वाले बजरी माफिया भी दबोचे

धौलपुर जिले में सरमथुरा थाना पुलिस ने 2 बड़ी कार्रवाई की हैं। पुलिस ने आर्म्स एक्ट में वांछित एक हिस्ट्रीशीटर को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।
इसके साथ ही वनकर्मी पर ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या के प्रयास के मामले में बजरी माफियाओं को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इस दौरान एक वाहन लोडर भी जब्त किया। पहली कार्रवाई 14 जनवरी को मुखबिर की सूचना पर मोठियापुरा पुल के पास की गई। सरमथुरा थाना पुलिस ने थाना खिन्नोट निवासी 25 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर सूरज पुत्र करन सिंह मीना को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक अवैध देसी कट्टा 315 बोर बरामद हुआ।
आरोपी सूरज के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, सूरज पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दूसरी कार्रवाई वनकर्मी पर हत्या के प्रयास से संबंधित है। 8 जनवरी की रात चंबल वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र के नाका झिरी रेंज में अवैध बजरी खनन रोकने के दौरान बजरी माफियाओं ने वनरक्षक जितेंद्र सिंह शेखावत पर ट्रैक्टर-ट्रॉली चढ़ा दी थी। इस हमले में वनरक्षक जितेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें पहले सरमथुरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फिर करौली के जिला चिकित्सालय और बाद में जयपुर रेफर किया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। सरमथुरा थाने में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया था। फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गईं। तकनीकी साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस ने ट्रैक्टर ड्राइवर रामसेवक उर्फ चालू गुर्जर (निवासी चिल्लीपुरा) को गिरफ्तार किया। इसके अलावा, उसके सहयोगी आरोपी राममूर्ति गुर्जर, दीवान सिंह गुर्जर और धनीराम उर्फ धन्ना मीना को भी गिरफ्तार किया गया है। वांछित वाहन लोडर भी जब्त कर लिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *