उतई थाना क्षेत्र के ग्राम आमालोरी–मर्रा मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज और लापरवाही पूर्वक चल रही थार वाहन ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ आरक्षक के पिता को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में आरक्षक के पिता की हड्डी टूट गई। हादसे में 74 वर्षीय शत्रुहन लाल चंद्राकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार घायल शत्रुहन लाल चंद्राकर ग्राम आमालोरी के निवासी हैं। वे मंगलवार को ग्राम सांतरा समिति में धान बेचने के बाद अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 एमयू 5367 से घर लौट रहे थे। पीछे से थार ने मारी ठोकर
समिति में धान बेचकर जैसे ही वे मर्रा स्कूल से आगे कौशल चंद्राकर की बाड़ी के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही महिंद्रा थार वाहन क्रमांक सीजी 04 एनएक्स 7668 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें पीछे सो टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े। उनके सिर में गंभीर चोट आई और बाएं पैर की एड़ी की हड्डी टूट गई। आस-पास के लोगों और छात्रों ने की मदद
घटना के समय आसपास मौजूद कॉलेज के छात्र और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल 112 पर कॉल कर पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। इसी दौरान आरोपी चालक वाहन लेकर ग्राम मर्रा की ओर भाग निकला। घटना की सूचना घायल के पुत्र मुकेश कुमार चंद्राकर को मिली, जो पुलिस अधीक्षक कार्यालय दुर्ग में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं। सूचना मिलते ही वे दुर्ग से अपने गांव आमालोरी के लिए रवाना हुए। तब तक ग्रामीण घायल को सरकारी एंबुलेंस से गाड़ाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जा चुके थे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल दुर्ग रेफर किया गया। आरक्षक ने दर्ज करवाई एफआईआर
मामले को लेकर प्रधान आरक्षक मुकेश कुमार चंद्राकर ने उतई थाने में लिखित आवेदन दिया। आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उतई थाना प्रभारी महेश ध्रुव का कहना है कि घटना स्थल से जुड़े फोटो, वाहन की जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर फरार चालक की तलाश की जा रही है।


