मेले में शराबियों ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई:प्रशासन ने परमिशन रद्द की, भूत-बंगले का लाखों का सामान जला

सीकर के रींगस थाना इलाके में बीती रात सीनियर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान में चल रहे ट्रेड फेयर में आग लगने के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई की है। एसडीएम ने मामले में कार्रवाई करते हुए 16 दिन पहले ही मेले की परमिशन रद्द कर दी है। वहीं मेले में भूत बंगला लगाने वाले स्टाफ ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दी है। आपको बता दें कि रात को आग लगने के बाद फायर ब्रिगेड के द्वारा आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। लेकिन जब फायर ब्रिगेड टीम के द्वारा मौके पर जांच की गई तो सामने आया कि आग बुझाने के लिए केवल तीन सिलेंडर थे उनमें भी गैस नहीं थी। गौरतलब है कि मेले को लेकर भारत सिंह ने परमिशन ली थी। यह मेला रींगस के सीनियर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान में लगा था। मेले की परमिशन 25 नवंबर से 31 दिसंबर तक दी गई थी। लेकिन बीती रात आग लगने के बाद अग्निशमन प्रभारी कृष्ण कुमार के द्वारा प्रशासन को रिपोर्ट दी गई कि मेले में फायर हैजार्ड की दृष्टि से आवश्यक कोई प्रबंध/उपकरण नहीं थे। ऐसे में अब प्रशासन द्वारा परमिशन को रद्द कर दिया गया है। साथ ही परमिशन लेने वाले भारत सिंह को 72 घंटे में ट्रेड फेयर को समाप्त करके जगह खाली करने का निर्देश दिया गया है। भूत बंगला संचालक मोहम्मद शाहिद ने बताया कि आग लगने से उनके भूत बंगले का करीब 7 से 8 लाख का सामान जल गया। इसके साथ ही अंदर रखी करीब 70 हजार रुपए की नगदी भी जल गई। आरोप: शराबियों ने लगा दी आग ट्रेड फेयर के मैनेजर सचिन के अनुसार बीती रात को 9 बजे भूत भंगले में 4 लड़के आए थे जो शराब के नशे में थे। पहले तो उन्होंने टिकट के पैसों को लेकर विवाद किया। इसके बाद भूत बंगला कार्मिकों को कहने लगे कि अंदर जो भी मिलेगा उसके साथ मारपीट करेंगे। इस बात को लेकर उन लड़कों ने भूत बंगला कार्मिकों के साथ मारपीट की और वहां कुछ अन्य लड़कों को बुलाया। इसके बाद लड़के वहां से फरार हो गए। जाते वक्त उन लड़कों ने धमकी दी कि यहां आग लगा देंगे। वहीं सिलेंडर खाली होने के मामले में आयोजकों का कहना है कि जब तक फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची थी उन्होंने आग बुझाने वाले सिलेंडर से आग बुझाने का प्रयास किया था इसलिए वह सिलेंडर खाली हो गए। गनीमत रही कि आग लगने के दौरान स्टाफ जाग रहा था ऐसे में उनकी जान बच गई। घटना ने वक्त भूत बंगले के कार्मिक वहीं सो रहे थे। इसी दौरान उन्हें को आग लगाती हुई दिखाई दी। किसी ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस आगजनी की घटना को लेकर भूत बंगला स्टाफ यूसुफ के द्वारा रींगस पुलिस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ पेट्रोल डालकर आग लगाने की शिकायत भी दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *