कोरबा में अलाव तापते समय आग से दो की मौत:दो अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं ने दम तोड़ा, बचाने में एक युवक झुलसा

कोरबा में ठंड से राहत पाने के लिए अलाव का सहारा लेना दो लोगों के लिए जानलेवा साबित हुआ। दो अलग-अलग घटनाओं में आग की चपेट में आने से दो महिलाओं की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, एक युवक भी झुलस गया। पहली घटना करतला थाना क्षेत्र के आमादाड़, रजगामार में हुई। यहां 57 वर्षीय गुरुवारी बाई ठंड से बचने के लिए अपने कमरे में अलाव ताप रही थी। देर रात अचानक वह आग की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से झुलस गई। उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार देर शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतिका के रिश्तेदार लक्ष्मण सिंह अघोरिया ने बताया कि गुरुवारी बाई के बच्चे नहीं थे और एक माह पहले लकवा मारने के बाद से उनकी तबीयत खराब थी। परिजन प्रमिला अघोरिया के अनुसार, 12 फरवरी की शाम को गुरुवारी बाई अपने कमरे में आग जलाकर आराम कर रही थीं, तभी यह हादसा हुआ। दूसरी घटना 5 फरवरी को सिविल लाइन थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर बस्ती में सामने आई। यहां 38 वर्षीय रूबी देवी घर के पास कुछ लोगों द्वारा जलाए गए अलाव के पास ठंड ताप रही थी। इसी दौरान अचानक उनके कपड़ों में आग लग गई। तत्काल लोगों की मदद से उन्हें शासकीय रानी धनराज कुंवर उप-स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। 15 फरवरी, गुरुवार को बिलासपुर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना में महिला को बचाने की कोशिश कर रहे 22 वर्षीय जगदीश कुमार नामक युवक भी झुलस गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *