लापता युवक का शव 3 दिन बाद स्टॉप-डैम में मिला:बिजली-पोल लगाने का करता था काम; पिता की मौत के बाद मां का सहारा था

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मेला-मंडाई के दिन से लापता युवक का शव करीब 3 दिन बाद गांव से लगभग 3 किलोमीटर दूर एक स्टॉप डैम में तैरता हुआ मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के ग्राम कुसुमकसा का है। यहां गुरुवार दोपहर स्टॉप डैम में ग्रामीणों को पानी के ऊपर एक शव तैरता दिखाई दिया। इसकी सूचना दल्लीराजहरा पुलिस को दी गई। शव को बाहर निकाले जाने पर मृतक की पहचान चिपरा निवासी 27 वर्षीय प्रेमचंद ठाकुर के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि प्रेमचंद सोमवार दोपहर 3 बजे से लापता था और उसकी लगातार तलाश की जा रही थी। डैम की सीढ़ी पर मिली शराब की बोतल – टीआई दल्लीराजहरा थाना प्रभारी संतोष कुमार भुआर्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत डूबने से होना प्रतीत हो रहा है। शव पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि शव तीन दिन पुराना होने के कारण मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। डैम की सीढ़ी के पास एक शराब की बोतल भी मिली है। जिसकी जांच की जा रही है। पिता के निधन के बाद मां का इकलौता सहारा था प्रेमचंद गांव के तामेश्वर सिन्हा ने बताया कि मृतक मूल रूप से डौंडी का रहने वाला था और चिपरा में अपने नाना-नानी के घर बचपन से रह रहा था। वह बिजली पोल लगाने का काम करता था। उसके पिता नवल सिंह ठाकुर का पहले ही निधन हो चुका है। एक बहन की शादी हो चुकी है और प्रेमचंद अपनी मां और परिवार का इकलौता सहारा था। ग्रामीणों के अनुसार पिछले दो वर्षों से उसके विवाह के लिए रिश्ता तलाशा जा रहा था। लेकिन त्योहार के बीच इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *