भेड़ चोरी के चोरी के इल्जाम से डिप्रेशन में आकर युवक ने टांके में कूदकर जान दे दी। अपनी जान देने से पहले युवक ने अपने परिजनों को कॉल किया था। युवक ने कॉल पर परिजनों से कहा- चोरी के झूठे आरोप और धमकियों से परेशान होकर जान देने जा रहा हूं। इसके बाद परिजन सकते में आ गए, उन्होंने मिलकर युवक को ढूंढना शुरू किया। काफी देर तक ढूंढने के बाद भी वह कहीं नहीं मिला। शाम को युवक का शव गांव के ही एक टांके में पड़ा मिला। इसके बाद युवक के पिता ने गांव के ही रहने वाले एक व्यक्ति और उसके बेटों पर सुसाइड के लिए उकसाने की FIR दर्ज करवा दी। मामला बीकानेर के महाजन थाना इलाके के फुलेजी गांव का बुधवार का है। महाजन थाना पुलिस के अनुसार, फुलेजी गांव के बलवंत जाट पुत्र फताराम जाट ने का शव गांव के ही एक टांके में मिला था। बलवंत के पिता फताराम ने गांव के मघाराम और उसके 2 बेटों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दी है। जांच कर रहे हैं। ग्रामीण की भेड़ चोरी हुई तो शक जताया था फताराम ने रिपोर्ट में बताया- पांच दिन पहले 10 जनवरी को गांव के मघाराम मेघवाल की भेड़ चोरी हो गई थी। मघाराम ने मेरे बेटे बलवंत पर इस चोरी का शक जताया था। जबकि बलवंत ने कोई चोरी नहीं की थी। मघाराम और उसके दो बेटों ने बलवंत को डराना-धमकाना शुरू कर दिया। लगातार धमकी के चलते बलवंत डिप्रेशन में चला गया और परेशान रहने लगा। टांके में मिला शव फताराम ने FIR में बताया- बलवंत बुधवार को सुबह घर से निकल गया था। इसके बाद उसका फोन आया कि मघाराम और उसके परिवार के लोगों के झूठे आरोप और धमकियों से परेशान होकर आत्महत्या कर रहा हूं। बलवंत का फोन आने के बाद उसे खूब तलाशा लेकिन बलवंत का पता नहीं लगा। बुधवार शाम को बलवंत का शव गांव के टांके में मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।


