हजारीबाग में हुई दीपक सिंह की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। दीपक की हत्या की साजिश जेल में बंद अपराधी मिलन तुरी ने रची थी। मिलन तुरी और दीपक सिंह का आपसी विवाद और पैसे की लेनदेन के कारण यह घटना हुई। दीपक की हत्या के लिए मिलन ने 25 हजार रुपए में सुपारी दी थी। एसपी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि हत्या में शामिल संतोष कुमार उर्फ होरिल भुईयां और यूरबी करमाली उर्फ अभिराज को गिरफ्तार किया गया है। इन्होंने इस हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। 5 दिसंबर को हजारीबाग पुलिस ने बड़कागांव थाना अंतर्गत गिद्दी के साधु कुटिया के पास से दीपक सिंह का शव बरामद किया था। दीपक की गोली मारकर हत्या की गई थी। हत्या को अंजाम देने के लिए 25 हजार रुपए मिलन तुरी ने यूरबी करमाली को भेजा था। इसमें 17 हजार रुपए संतोष कुमार को मिले थे। संतोष कुमार के पास से मृतक दीपक सिंह का मोबाइल और हत्या के बदले 17000 में से बचा हुआ 16300 बरामद किया गया। आरोपी संतोष कुमार के निशानदेही पर घटना को अंजाम में दिया गया हथियार भी बरामद किया गया है।