जयपुर सेंट्रल जेल में बंदियों के बीच झगड़ा हो गया। आपसी विवाद को लेकर हुई कहासुनी के बाद दोनों गुटों में धक्का-मुक्की हुई। झगड़ते बंदियों में बीच-बचाव करने पर दो जेल प्रहरी चोटिल हो गए। मामला गुरुवार सुबह का है। लालकोठी थाने में दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस FIR दर्ज करवाई गई है। सजायाफ्ता और विचाराधीन बंदियों के बीच झगड़ा
लालकोठी थाने के SHO प्रकाशराम विश्नोई ने बताया- जयपुर सेंट्रल जेल में सजायाफ्ता और विचाराधीन बंदियों के बीच झगड़ा हुआ था। जेल के अंदर सजायाफ्ता बंदी व्यवस्थाओं को संभालने के लिए जेल प्रहरियों की मदद करते हैं। बंदियों को बाहर निकालकर गिनती की जा रही थी। इसी दौरान हाथ लगाने की बात को लेकर विचाराधीन बंदियों और सजायाफ्ता बंदियों में कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद दोनों गुटों के बीच झगड़ा हो गया। मारपीट तक पहुंचने पर वहां मौजूद दो जेल प्रहरियों ने बीच-बचाव किया। दोनों गुटों को अलग करने के दौरान दोनों जेल प्रहरियों के चोट आई हैं। क्रॉस एफआईआर करवाई दर्ज
दोनों गुटों ने एक-दूसरे के खिलाफ आरोप लगाते हुए लालकोठी थाने में FIR दर्ज करवाई है। विचाराधीन बंदी संतोष उर्फ बच्चा नागल ने दंडित बंदी हरिशंकर और विष्णु के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। आरोप है कि पिछले करीब 15 दिन से जेल प्रहरियों की मदद के बहाने दंडित बंदी हरिशंकर और विष्णु उसके साथ गलत व्यवहार कर रहे हैं। सुबह गिनती करने के दौरान दंडित बंदी हरिशंकर ने उसे गेट से बाहर निकालकर धक्का दिया। इसे लेकर कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की की गई। वहीं सजायाफ्ता बंदी हरिशंकर, रोहित व परमानंद की ओर से विचाराधीन बंदी संतोष, महमूद, राजेश और राकेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। शिकायत में बताया कि विचाराधीन बंदियों की ओर से उसके साथ धक्का-मुक्की कर मारपीट की गई। डीजी जेल बोले- अव्यवस्थाओं को लेकर विवाद हुआ
डीजी (जेल) अशोक राठौड़ ने बताया- जेल में बंदियों के बीच असामान्य व्यवहार को लेकर धक्का-मुक्की होने का पता चला था। जेल में चल रही अव्यवस्थाओं को लेकर विवाद हुआ था। जिसको सही करवाने के साथ ही गलत करने वालों पर एफआईआर दर्ज करवा सकता है, इसके लिए कहा गया है।


