“राम भारत की आत्मा है”:सलूंबर में भाजपा जिला प्रभारी ने कांग्रेस को घेरा, बोले- नरेगा बंद नहीं मजबूत हुआ है

सलूम्बर भारतीय जनता पार्टी के जिला संगठन प्रभारी ने सलूम्बर का दौरा किया। इस दौरान गेस्ट हाउस में सभी मंडलों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसके बाद एक प्रेस वार्ता हुई। भाजपा ने आगामी पंचायत और नगर निकाय चुनावों को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट की और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। प्रभारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों, उनकी सोच और उनकी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कांग्रेस पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया। कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए भाजपा प्रभारी ने स्पष्ट किया कि नरेगा बंद नहीं किया गया है, बल्कि मोदी सरकार ने इसे और मजबूत किया है। उन्होंने बताया कि पहले जहां 100 दिन का रोजगार मिलता था, अब उसे बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है, जिससे गरीबों को 25 दिन का अतिरिक्त रोजगार मिलेगा। प्रभारी ने कहा कि यह फैसला सीधे तौर पर देश के मजदूर, किसान और गरीब वर्ग को राहत देगा। उन्होंने कांग्रेस द्वारा नरेगा बंद होने की अफवाह फैलाने के आरोप को निराधार बताया। जीरामजी योजना और नामकरण को लेकर कांग्रेस के विरोध पर भाजपा ने पलटवार किया। भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा अपने नेताओं जैसे नेहरू, इंदिरा, राजीव और राहुल के नाम पर संस्थानों का नामकरण किया, लेकिन इससे जनता को कोई लाभ नहीं मिला। उन्होंने आगे कहा, ‘हमने भगवान श्रीराम के नाम पर योजना रखी है, क्योंकि राम भारत की आत्मा हैं।’ प्रभारी ने जोर देकर कहा कि भगवान राम न भाजपा के हैं और न कांग्रेस के, वे हर भारतीय के हैं। यदि गरीब मजदूर भगवान राम के नाम से रोजगार पाता है, तो इसमें किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। भाजपा प्रभारी ने कांग्रेस पर ऐतिहासिक आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने भगवान राम के अस्तित्व को नकारा, रामसेतु तोड़ने की कोशिश की और वर्षों तक राम मंदिर निर्माण को कोर्ट में उलझाए रखा। उन्होंने कांग्रेस को ‘राम विरोधी’ बताया। प्रभारी ने कहा कि देश की जनता अब सच्चाई समझ चुकी है और कांग्रेस का राजनीतिक भविष्य समाप्त होने की ओर है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *