भास्कर न्यूज | अमृतसर रोटरी क्लब अमृतसर आस्था ने रमदास क्षेत्र में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए सराहनीय पहल की है । रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3070 के गवर्नर रोहित ओबेरॉय द्वारा शुरू किए गए ” मिशन बाढ़ पीड़ितों’ की सहायता के तहत क्लब ने रमदास क्षेत्र के 27 बाढ़ प्रभावित परिवारों को 10-10 हजार रुपए के चेक वितरित किए। क्लब अध्यक्ष अशोक शर्मा के नेतृत्व में रमदास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह आर्थिक सहायता बाढ़ पीड़ितों को प्रदान की गई। क्लब अध्यक्ष अशोक शर्मा, पूर्व अध्यक्ष परमजीत सिंह और असिस्टेंट गवर्नर अश्वनी अवस्थी ने बताया कि रमदास क्षेत्र के कस्बा रमदास, शहजादा और गग्गोमाहल सहित आधा दर्जन गांवों के कुल 27 बाढ़ प्रभावित परिवारों को सहायता राशि के चेक सौंपे गए। उन्होंने बताया कि रोटरी क्लब का उद्देश्य ऐसे बाढ़ प्रभावित परिवारों तक मदद पहुंचाना है, जिन्हें अब तक किसी भी प्रकार की सरकारी या अन्य वित्तीय सहायता नहीं मिली है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले सितंबर 2025 में भी क्लब द्वारा 30 बाढ़ प्रभावित परिवारों को 10-10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि यह सहायता राशि क्लब सदस्यों जतिंदर सिंह पप्पू, अशोक शर्मा, एचएस जोगी, सर्बजीत सिंह, परमजीत सिंह, मनमोहन सिंह, अश्वनी अवस्थी, डॉ. गगनदीप सिंह, केएस चठ्ठा, हरदेश दवेसर, अमन शर्मा, बलदेव मन्नण, राकेश शर्मा, वरिंदर अरोड़ा, सतीश शर्मा सहित अन्य सदस्यों के सहयोग से एकत्रित की गई। इसके अलावा ब्रिगेडियर ज्ञान सिंह संधू और उनके भाई सेवानिवृत्त प्रिंसिपल बलदेव सिंह संधू ने भी इस मानवीय कार्य के लिए महत्वपूर्ण वित्तीय योगदान दिया। क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि इस सामाजिक कार्य में रमदास क्षेत्र के सुधार गांव स्थित सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के शिक्षक बलदेव सिंह का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने ऐसे बाढ़ प्रभावित परिवारों की पहचान की जिन्हें किसी प्रकार की सहायता नहीं मिली थी। इस अवसर पर अंदेश भल्ला, राकेश शर्मा, वरिंदर अरोड़ा, विनोद कपूर, मनिंदर सिंह सिमरन, योगेश्वर सिंह लिखारी और राज कुमार सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।


