गुरुद्वारा छठी पातशाही बस्ती शेख में चाली मुक्तों की याद में श्री सहज पाठ की शृंखला की शुरुआत

भास्कर न्यूज | जालंधर पावन ऐतिहासिक स्थल गुरुद्वारा छठी पातशाही बस्ती शेख में चाली मुक्तों की याद में एक विशिष्ट पहल की गई। इसके अंतर्गत प्रत्येक सिख को संपूर्ण गुरु दर्शन और गुरबाणी से जोड़ने के उद्देश्य से श्री सहज पाठ की आरंभता की गई। इस सहज पाठ की शुरुआत सचखंड श्री दरबार साहिब श्री अमृतसर साहिब के ग्रंथी साहिब ज्ञानी परविंदरपाल सिंह द्वारा की गई। इस सहज पाठ की संपूर्णता 30 जून को श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी के 431वें प्रकाश पर्व के अवसर पर की जाएगी। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब की स्त्री सत्संग सभा की मेंबर्स ने श्री जपुजी साहिब की बाणी का संगत रूप में जाप किया। 5 महीनों से अधिक समय तक चलने वाले इस सहज पाठ की विशेषता यह होगी कि प्रतिदिन सायं 5 बजे से 5:30 बजे तक गुरुद्वारा साहिब के मुख्य दरबार हाल में ग्रंथी सिंह पाठ की सेवा निभाएंगे। इस संबंध में प्रधान गुरु कृपाल सिंह ने बताया कि दुनिया के किसी भी कोने में बैठे गुरु नानक नामलेवा सिख इस सहज पाठ को श्रवण कर सकते हैं। ज्ञानी परविंदरपाल सिंह ने अत्यंत विद्वतापूर्ण ढंग से श्री सहज पाठ की महत्ता और शुद्ध बाणी के पाठ के विषय में संगत को जानकारी देते हुए कहा प्रत्येक सिख को अपने हृदय में गुरु का स्मरण करना चाहिए और अपनी आंखों से गुरु की बाणी के दर्शन करने चाहिए। ऐसा करने से हम गुरु को अपने अंग-संग अनुभव करेंगे।ज्ञानी जी ने गुरुद्वारा साहिब के प्रधान तथा समस्त प्रबंधक समिति की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक गुरु घर में ऐसा प्रयास करना चाहिए। इस अवसर पर प्रधान ने ज्ञानी जी को श्री साहिब, दुशाला और सिरोपाओ से सम्मानित किया। इस अवसर पर हरजीत सिंह एडवोकेट, सतिंदरपाल सिंह छाबड़ा, चरणजीत सिंह, गुरमीत सिंह, इंदरपाल सिंह, जगजीत सिंह, इंदरपाल सिंह अरोड़ा, अमनजीत सिंह, गुरजीत सिंह पोपली, गुरदीप उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *