जेएसएससी ने बताया तकनीकी कारण, नया शेड्यूल जल्द झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) ने गुरुवार को राजधानी रांची में दो केंद्रों पर पहली पाली की परीक्षा स्थगित कर दी। कुल 1373 पदों के लिए झारखंड प्रशिक्षित माध्यमिक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 रांची में 17 केंद्रों पर होनी थी। जेएसएससी ने इसकी वजह तकनीकी बताया है। आयोग के मुताबिक नामकुम स्थित आईक्यूब डिजिटल और उषा मार्टिन विश्वविद्यालय केंद्र पर सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक होने वाली परीक्षा स्थगित की है। इसके लिए नया शेड्यूल जल्दी ही जारी किया जाएगा। परीक्षा देने के लिए अभ्यर्थी सुबह 7 बजे से ही केंद्र पर पहुंचने लगे थे। वहां पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि परीक्षा स्थगित कर दी गई है। वहीं अन्य केंद्रों पर परीक्षा निर्धारित शेड्यूल के अनुसार हुई। जेएसएससी ने कहा कि अन्य केंद्रों पर परीक्षा पर इस स्थगन का कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। उधर, अभ्यर्थियों ने कहा कि परीक्षा स्थगन का कारण तकनीकी बताया गया है, पर पिछले वर्षों का अनुभव बताता है कि कभी सुरक्षा, कभी तकनीकी और कभी पेपर लीक से परीक्षाएं स्थगित कर दी जाती है। इससे उनकी मेहनत और समय दांव पर लग जाते हैं। इन केंद्रों पर स्थगित हुई परीक्षा परीक्षा केंद्र : आईक्यूब डिजिटल, नामकुम, रांची परीक्षा केंद्र : उषा मार्टिन विश्वविद्यालय, नामकुम, रांची प्रभावित पाली : पहली पाली (सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक) ये परीक्षाएं भी हुई थी स्थगित… 1. स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 : 28 जनवरी 2024 को परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र लीक होने जैसे आरोप सामने आए। इसके बाद आयोग ने पेपर रद्द करते हुए 4 फरवरी 2024 को होने वाली परीक्षा स्थगित कर दी। तब आयोग ने परीक्षा की समीक्षा की बात कही थी। 2. तकनीकी एवं विशेष योग्यता स्नातक स्तर परीक्षा-2025 : 9 अक्टूबर 2025 से शुरू होने वाली परीक्षा एक दिन पहले अचानक स्थगित कर दी गई थी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पहुंचने के बाद इसकी जानकारी मिली। तब आयोग ने प्रशासनिक कारण बताया था। 3. संयुक्त स्नातक चयन परीक्षा -2016 : 27 नवंबर 2016 को होने वाली मुख्य परीक्षा को आयोग ने स्थगित कर दिया था। तब अभ्यर्थियों ने स्थगित करने के विरोध में धरना-प्रदर्शन भी किया था। वहीं आयोग ने स्थगित परीक्षा शीघ्र आयोजित करने की घोषणा की थी।


