झारखंड में ठंड रोज नया रिकॉर्ड बना रही है। पहले लोग हाड़ कंपाने वाली ठंड से जूझ रहे थे, अब पाला ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राज्य में सबसे ज्यादा ठंड गुमला में दर्ज की गई है। कृषि वैज्ञानिक अटल तिवारी के अनुसार, गुरुवार को गुमला का न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री रहा, जो अब तक का सबसे कम है। इससे पहले वर्ष 2008 में 1.8 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ था। गुमला के बाद रांची का मैक्लुस्कीगंज राज्य का दूसरा सबसे ठंडा इलाका रहा। यहां न्यूनतम तापमान लगातार 1 डिग्री बना हुआ है। इसके बाद खूंटी में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। रांची में पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री बढ़कर 9 डिग्री पहुंचा, लेकिन ठंड से राहत महसूस नहीं हुई। पूर्वानुमान… 2 से 12 डिग्री के बीच रहेगा पारा अधिक खुला क्षेत्र और जंगल से कारण गिरा पारा गुमला चारों ओर से घने जंगलों से घिरा है। यहां खुला क्षेत्र अधिक है और शहरी कंक्रीट संरचनाएं कम हैं। रात में खुले और हरित क्षेत्र के कारण तापमान तेजी से गिरता है। ठंडी पछुआ हवा और साफ आसमान ने इस बार ठंड को और तीखा बना दिया। दिन में हल्की धूप निकल रही है, लेकिन पश्चिमी हवाओं के कारण ठंड का असर बना रहता है। मौसम विभाग ने 16 जनवरी के लिए राज्य के 13 जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और जमशेदपुर शामिल हैं। हालांकि 18 जनवरी से न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, इसके बाद तीन दिनों में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।- अटल तिवारी, कृषि वैज्ञानिक गुमला


