हसौद | राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में गुरुवार को हसौद स्थित तहसील परिसर में भव्य ‘युवा सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य जैतखाम में पूजा-अर्चना और ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस सम्मेलन में क्षेत्र के युवाओं ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सम्मेलन को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ प्रांत के प्रांत प्रचारक अभयराम कुंभकार ने कहा कि युवा जागरण ही विकसित भारत की पहली सीढ़ी है। उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानंद, छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु तेग बहादुर के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। कुंभकार ने जोर देकर कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को केवल शिक्षित ही नहीं होना है, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए अपनी ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग भी करना होगा। खंड संचालक रोहित कुमार चंद्रा ने अपने उद्बोधन में सामाजिक दायित्वों और विद्यार्थी जीवन में अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवाओं के माध्यम से ही समाज के हर वर्ग को एकजुट कर राष्ट्र को समर्थ और संगठित बनाया जा सकता है।


