पश्चिम सिंहभूम जिले में गुदड़ी प्रखंड के पहाड़ी इलाकों में ग्रामीणों ने दो और उग्रवादियों का सेंदरा (पीट-पीटकर हत्या) कर दिया है। गुदड़ी के लोढ़ाई इलाके से सोमवार को ग्रामीणों ने आपराधिक प्रवृति के चार युवकों को पकड़ा था। इनमें दो की पहचान उग्रवादी के रूप में की गई। दोनों पर उग्रवादियों को मदद देने का आरोप था। वे कई घटनाओं में भी शामिल थे। दोष सिद्ध होने पर मंगलवार को रौवाउली व त्रिकादा गांव में जनअदालत लगाई गई। इसके बाद दोनों युवकों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। दोनों युवकों में एक रौवाउली और दूसरा त्रिकादा का रहने वाला था। ग्रामीणों के अभियान में अब तक उग्रवादी टाइगर, गोमिया समेत पांच बदमाशों के मारे जाने की सूचना है। आंदोलन के सातवें दिन मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम के डीसी कुलदीप चौधरी और एसपी आशुतोष शेखर गुदड़ी पहुंचे। उन्होंने बैठक कर क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की जानकारी ली। गांवों में लग रही जन अदलत के बारे में जाना। सोमवार दोपहर को भी साइतोबा, रौवाउली में जनअदालत लगी थी। गुदड़ी के लोढ़ाई इलाके से सोमवार को ग्रामीणों ने चार बदमाशों को पकड़ा था। चारों पर उग्रवादियों को मदद करने का आरोप था। इनमें से दो बदमाशों का सेंदरा कर दिया गया। दो अन्य को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है। जन अदालत में दो फैसले… सेंदरा या सुधर जाओ
ग्रामीणों के गुस्से का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि वे अपराधी प्रवृति के युवकों की सूची बना रहे हैं। बदमाशों को जन अदालत में लाते हैं। यहां उग्रवादी या अपराधियों का जुर्म देखा जाता है। पकड़े गए लोगों को अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाता है। इसके बाद दो फैसले लिए जाते हैं। अपराधियों का सेंदरा या दंड देकर सुधर जाने की चेतावनी दी जाती है। सोमवार को साइतोब, रौवाउली और हलमद में जन अदालतें लगी थीं। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए थे। डीसी-एसपी ने मानकी-मुंडा के साथ की बैठक, सहयोग मांगा
खूंटी, सिमडेगा के ग्रामीण भी आंदोलन में हो रहे शामिल: उग्रवादी और अपराधियों की करतूतों से गुस्साए ग्रामीणों के सेंदरा अभियान आंदोलन का दायरा बढ़ता जा रहा है। वे इलाके में उग्रवादी, अपराधी और उनके मददगारों को तलाश रहे हैं। जन आंदोलन में अब सीमावर्ती जिले सिमडेगा और खूंटी के ग्रामीण भी तीर-धनुष के साथ शामिल हो रहे हैं। खूंटी जिला की सीमा के पास बंदगांव के हलमद गांव में भी एक बड़ी ग्रामसभा हुई थी। इसमें कई गांवों के सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए। पुलिस रख रही नजर, सहयोग करें ग्रामीण
गुदड़ी, सेनुवा, टेबो, आनंदपुर थाना की पुलिस और जवान को अलर्ट पर रखा गया है। हालांकि, ग्रामीणों के आक्रोश के कारण पुलिस मूवमेंट नहीं कर रही है। पोड़ाहाट एसडीपीओ नलिन मरांडी के अनुसार, पुलिस पूरे मामले पर नजर रख रही है। पुलिस निगरानी कर रही है। इंस्पेक्टर स्तर पर एक टीम भी इलाकों में सर्च अभियान चला रही है। अब तक डेड बॉडी नहीं मिल पाई है। उन्होंने अपील की है-कानून के विरुद्ध कोई काम न करें।