पुलिस बनकर लूट-अपहरण, फ्लैट से उठाकर हाईवे तक घुमाया:भोपाल में एनडीपीएस केस में फंसाने की धमकी देकर कैश, घड़ियां और मोबाइल ले गए

भोपाल के हबीबगंज थाना क्षेत्र में पुलिस बनकर लूट और अपहरण की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक फ्लैट में घुसकर 5–6 युवकों ने खुद को पुलिस स्टाफ बताया, मारपीट की और एनडीपीएस केस में फंसाने की धमकी देकर कैश, घड़ियां और मोबाइल फोन लूट लिए। पीड़ित की शिकायत पर थाना हबीबगंज में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है, जिसमें कुछ संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित राहुल गुप्ता के अनुसार, 11 जनवरी की शाम वह अपने फ्लैट पर दोस्तों के साथ मौजूद था। इसी दौरान 5–6 युवक अचानक फ्लैट में घुसे और आते ही खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए डराने-धमकाने लगे। आरोप है कि युवकों ने चारों के साथ मारपीट की और कहा कि उन्हें एनडीपीएस के मामले में जेल भेज दिया जाएगा। भय का माहौल बनाकर आरोपियों ने कैश, घड़ियां और मोबाइल अपने पास रख लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने सभी को जबरन कारों में बैठाया। दो अलग-अलग वाहनों में पीड़ित और उसके दोस्तों को बैठाकर मिसरोद थाना क्षेत्र से आगे बायपास टोल रोड की ओर ले जाया गया। रास्ते में लगातार पुलिसिया कार्रवाई का डर दिखाकर और पैसों की मांग की जाती रही। आरोप है कि दबाव में पीड़ित ने अपने एक परिचित को फोन कर पूरी घटना बताई और पैसे लाने को कहा। बाद में एक पेट्रोल पंप के पास जैसे ही परिचित से बातचीत शुरू हुई, माहौल बिगड़ता देख आरोपी मौके से भाग निकले। जाते-जाते वे मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। घटना के बाद पीड़ितों ने आपातकालीन नंबर पर कॉल कर सूचना दी और फिर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *