अमृतसर पुल पर भीषण टक्कर:यात्रियों से भरी बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली भिड़ीं, स्थानीय लोगों की मदद से टली बड़ी अनहोनी

अमृतसर में देर रात जयंतीपुर–पठानकोट हाईवे रोड पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यह हादसा जयंतीपुर के नजदीक पड़ते गांव पाखरपुर के पुल पर हुआ, जहां सवारियों से भरी एक बस और भूसा लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई। जानकारी के अनुसार, बस बटाला से अमृतसर की ओर जा रही थी और उसमें बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। इसी दौरान आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली, जिसमें भूसा लदा हुआ था, से बस जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली दोनों को नुकसान पहुंचा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। ट्रैक्टर चालक के साथ बैठे एक व्यक्ति के पैर में गंभीर चोट लगी है, जबकि बस में सवार कई यात्रियों को भी चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू करवाया। जांच अधिकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस तेज रफ्तार में थी और नियंत्रण खो बैठी, जिस कारण यह हादसा हुआ। वहीं, गांव पाखरपुर के स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पुल पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और प्रशासन को यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घायलों का इलाज जारी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *