साधना, स्वाध्याय, संयम और सेवा को दिनचर्या से जोड़ें युवा

भास्कर न्यूज | बालोद स्वामी विवेकानंद जयंती के उपलक्ष्य पर अखिल विश्व गायत्री परिवार शाखा बालोद के युवा प्रकोष्ठ ने 17 जनवरी तक युवा सप्ताह आयोजित किया है। कार्यशाला शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भेड़िया, नवागांव, पीपरछेड़ी, बेलमांड और निपानी में हुई। विभिन्न विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद के प्रेरणादायक जीवन, विचार और आदर्शों के बारे में जानकारी दी जा रही है। बच्चों को बताया गया कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की शक्ति कहा है। उनके संदेश आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता, उच्च चरित्र और आदर्श जीवन अपनाने की प्रेरणा देते हैं। मुकेश साहू ने कहा कि युवाओं का चरित्र दिव्य होना चाहिए, इसके लिए गुण, कर्म और स्वभाव का पवित्र होना अनिवार्य है। राजेंद्र कुमार सिन्हा ने युवाओं को साधना, स्वाध्याय, संयम और सेवा को अपनी दिनचर्या में जोड़ने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन गायत्री मंत्र का जप और उगते सूर्य का ध्यान करने से मन, बुद्धि और आत्मा शुद्ध होती है। मोहन साहू ने नशामुक्त जीवन और अनावश्यक खर्च तथा कुरीतियों से दूर रहने का महत्व बताया। कार्यक्रम में मोहन साहू, रवि साहू, मुकेश साहू, धर्मवीर साहू, खेमन साहू, लोचन प्रसाद साहू, मान सिंह साहू, राजेंद्र सिन्हा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *