सीकर जिले में स्थित प्रसिद्ध खाटूश्यामजी में फाल्गुन लक्खी मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। श्रीश्याम मंदिर कमेटी समेत सभी सरकारी विभाग भी संबंधित तैयारियों में लग गए हैं। बिजली विभाग ने मेंटेनेंस का काम शुरू कर दिया है। शुक्रवार से रोजाना 4 घंटे बिजली कटौती की जाएगी। मेले से पहले विभाग ने ढीले तार कसने, ट्रांसफॉर्मर बदलने और लोड शिफ्टिंग का काम शुरू कर दिया है। सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक होगी कटौती एईएन राकेश कुमार महला ने बताया कि खाटूश्यामजी मेला मेंटेनेंस कार्य के लिए 3 टीमों का गठन किया गया है, जो रोजाना सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मेला मेंटेनेंस का काम पूरा करेंगी। इसके तहत बिजली की सभी लाइनों व ट्रांसफार्मर्स का मेंटेनेंस काम किया जाएगा। तीनों टीमों की जिम्मेदारी खाटूश्यामजी सिटी फीडर इंचार्ज मुकेश कुमार मावलिया, सुरेंद्र कुमार रैगर व लक्ष्मी नारायण चौधरी को दी गई है। फोन नहीं करने की अपील उन्होंने बताया कि तीनों टीमों का सुपरविजन का काम इंजीनियरिंग सुपरवाइजर महेंद्र कुमार मावलिया देखेंगे। सहायक अभियंता महला ने बताया कि हमारी कोशिश रहेगी कि 31 जनवरी तक मेला संबंधी विद्युत मेंटेनेंस का काम पूरा किया जा सके। बिजली कटौती होने पर उपभोक्ताओं से अपील की जाती है कि बार-बार फोन नहीं करें जिससे कि मेंटेनेंस काम के दौरान कोई रुकावट नहीं आए।


