रतलाम से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर पुलिस टीम पर हुए पथराव की घटना के बाद आला अधिकारी हरकत में आए हैं। घटना के पांच दिन बाद गुरुवार को एएसपी राकेश खाखा, विवेक कुमार और एनएचएआई के अधिकारियों ने एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण किया। जिले की 91 किमी की सीमा में 17 अवैध कट (रास्ते) मिले हैं। पुलिस ने एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर को इन सभी कट को तुरंत बंद करने के निर्देश दिए हैं, ताकि तस्करी और हादसों पर लगाम लगाई जा सके। ट्रैक्टर छुड़ाने पुलिस पर किया था पथराव शनिवार-रविवार की दरमियानी रात रावटी थाना पुलिस ने अवैध डोडाचूरा की सूचना पर एक संदिग्ध ट्रैक्टर को रोका था। आरक्षक बहादुर डांगी ट्रैक्टर को जांच के लिए रोशनी वाली जगह ले जा रहे थे, तभी कार में आए 8-10 लोगों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने ट्रैक्टर छुड़ाने के लिए पुलिस पर पथराव किया, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और आरक्षक उसके नीचे दबकर घायल हो गया। मौके से थांदला के एक भाजपा पार्षद को भी पुलिस ने पकड़ा था। ग्रामीणों ने बना लिए रास्ते, अब होंगे बंद धामनोद रोड स्थित एनएचएआई के ऑफिस में प्रोजेक्ट मैनेजर संदीप पाटीदार के साथ बैठक के बाद अधिकारियों ने 8 लेन का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि ग्रामीणों ने अपनी सुविधा के लिए एक्सप्रेस-वे पर रास्ते (कट) बना लिए हैं। ऐसे 17 कट चिन्हित किए गए हैं, जिनसे दुर्घटना और तस्करों के भागने की आशंका बनी रहती है। NHAI ने कहा- काम शुरू कर दिया है पुलिस अधिकारियों ने प्रोजेक्ट मैनेजर को सभी कट सख्ती से बंद करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आए दिन होने वाले हादसों को रोका जा सके। वहीं, एनएचएआई के अधिकारियों का कहना है कि इन अवैध कट की सूची उनके पास पहले से है और इन्हें बंद करने का कार्य शुरू किया जा चुका है।


