भास्कर न्यूज | जशपुरनगर बाइक चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए पत्थलगांव पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की चार बाइकें जब्त की हैं। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम दिवानपुर निवासी अमित कुजूर (27) ने 12 जनवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 जनवरी को वह अपनी बाइक से फुलेता साप्ताहिक बाजार गया था। बाजार करने के दौरान उसने अपनी बाइक अंबिकापुर जाने वाली सड़क किनारे खड़ी की थी। वापस लौटने पर उसकी बाइक नहीं थी। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की गई बाइक को बेचने के लिए राजेश पावले अपने साथी राकेश सिंह पावले एवं अजय कुमार पावले के साथ ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी राजेश पावले के बताने पर चोरी की गई बाइक और चोरी की घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक को 13 जनवरी को जब्त किया गया। वहीं आरोपी राकेश सिंह पावले की निशानदेही पर उसके साथियों द्वारा पूर्व में चोरी की गई एक हीरो एचएफ डीलक्स और एक पैशन प्रो बाइक को भी पुलिस ने जब्त किया है।


