सवाई माधोपुर के कोटा लालसोट मेगा स्टेट हाईवे पर स्थित कुस्तला में गुरुवार रात एक दुखद हादसा सामने आया। जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर घायल को जयपुर रैफर कर दिया गया। तीन लोगों की मौत, एक गंभीर घायल रवांजना डूंगर थानाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि कुस्तला हाई वे पर एक ट्रक सवाई माधोपुर की तरफ से आ रहा था। जबकि दूसरा ट्रक 8 लेन एक्सप्रेस वे से आ रहा था। इन ट्रकों में से एक में सब्जियां भरी हुई थी। जबकि दूसरे ट्रक में प्लाई बोर्ड भरे हुए थे। तभी करीब 11.00 बजे कुस्तला सर्किल के पास दोनों ट्रकों के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। यह भिडंत इतनी खतरनाक थी कि दोनों ट्रक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। भिड़ंत की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर रवाजंना डूंगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। यहां से ट्रकों में घायल हुए चारों लोगों को अस्पताल पहुंचाया। जहां तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। जबकि एक अन्य गंभीर घायल को जयपुर रैफर कर दिया गया। थानाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि मौके से दो लोगों के आधार कार्ड मिले हैं। जिनसे उनकी पहचान सुनील कुमार पाण्डेय और भवानी के रूप में हुई है। पुलिस तीसरे मृतक और गंभीर घायल की पहचान में जुटी हुई है। थानाधिकारी ने बताया कि एक ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। जबकि दूसरे ट्रक ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई।


