अलवर में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। सुबह 8 बजे तक धूप पूरी तरह खिल गई, जिससे कड़ाके की ठंड से कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन तापमान अभी भी जमाव बिंदु के करीब बना हुआ है। जिले के कई इलाकों में सूखी घास, फूस और फसलों की पत्तियों पर ओस जम गई है। हालांकि शुक्रवार सुबह जिले में कोहरा बिल्कुल नहीं है और मौसम पूरी तरह साफ बना हुआ है। शीत लहर का असर अभी भी जारी है, जिससे धूप निकलने के बाद भी लोगों को ठिठुरन और कंपकंपी का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार जिले में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल सर्दी अपने पीक पर है और आने वाले दिनों में भी ठंड का असर तेज बना रह सकता है, जिससे जिले में कोहरे की स्थिति भी देखने को मिल सकती है।


