जालोर में पलाई ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्राम पंचायत में नियुक्त ग्राम विकास अधिकारी (VDO) शैलेंद्र सिंह को चार्ज दिलाने की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का आरोप है कि नियुक्ति के बावजूद 25 दिन बीत जाने के बाद भी निलंबित ग्राम विकास अधिकारी द्वारा पदभार नहीं सौंपा गया है, जिससे पंचायत के सभी कामकाज ठप पड़े हैं। 19 दिसंबर को हुआ था पुराने VDO का निलंबन ग्रामीणों ने बताया कि राज्य सरकार के आदेश पर 19 दिसंबर को मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने ग्राम विकास अधिकारी रमेश प्रजापत को निलंबित कर पंचायत समिति टोंक में उपस्थित देने के निर्देश दिए थे। इसके बाद उनियारा विकास अधिकारी द्वारा शैलेंद्र सिंह को पलाई ग्राम पंचायत में नियुक्त किया गया था। शैलेंद्र सिंह ने 26 दिसंबर 2025 को पदभार ग्रहण भी कर लिया था, लेकिन अब तक उन्हें चार्ज नहीं दिया गया है। चार्ज नहीं मिलने से रुके विकास और सफाई कार्य ग्रामीणों का कहना है कि चार्ज नहीं मिलने के कारण पंचायत के जरूरी काम, विकास कार्य और सफाई व्यवस्था पूरी तरह बंद पड़ी है। इससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों में इसको लेकर गहरा रोष है। निलंबित अधिकारी पर गंभीर आरोप ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निलंबित ग्राम विकास अधिकारी रमेश प्रजापत अपने दो साल के कार्यकाल में दो बार निलंबित हो चुके हैं और एक बार एपीओ भी किए गए थे। इसके बावजूद राजनीतिक रसूख के चलते हर बार बहाली के बाद उन्हें दोबारा पलाई ग्राम पंचायत में ही नियुक्त कर दिया जाता है। बहाली के बाद पलाई में पोस्टिंग नहीं देने की मांग ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि यदि रमेश प्रजापत की बहाली होती है तो उन्हें दोबारा पलाई ग्राम पंचायत में नहीं लगाया जाए। प्रदर्शन में ग्राम पंचायत प्रशासक लादू लाल सहित भगवान, रामदेव, किशन लाल, ओंकार, रामकिशन समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


