फर्नीचर गोदाम में आग का LIVE VIDEO:पेपर हॉट एयर बैलून गोदाम पर गिरने के बाद धधकी आग की लपटें; अब 2 स्कूलों समेत 28 गोदाम चिन्हित

दौसा शहर के नई मंडी रोड पर फर्नीचर गोदाम में बुधवार शाम को लगी भीषण आग का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। जिसमें पेपर हॉट एयर बैलून गोदाम पर गिरता हुआ दिख रहा है, जिसके बाद कुछ ही देर में धुआं उठते हुए आग की भीषण लपटें उठती दिख रही हैं। घटनाक्रम मकर संक्रांति को शाम 6 बजकर एक मिनट का है, जब घरों की छतों पर युवक पतंगबाजी कर रहे थे और पेपर हॉट एयर बैलून उड़ते हुए देखे जा रहे हैं। तभी एक जलता हुआ बैलून दुर्गा मंदिर के शिखर के पीछे गिर जाता है और धुआं उठने लगता है। जहां कुछ ही देर में भीषण आग लग जाती है। इससे छतों पर पजंगबाजी करने वालों में अफरा-तफरी मच जाती है। पहले देखें बैलून गिरने से आगजनी तक के 5 फोटो लाखों रुपए का नुकसान हुआ था बता दें कि बुधवार शाम को दुर्गा मंदिर के पीछे फर्नीचर के गोदाम में भीषण आग लग गई थी। अग्निशमन विभाग की टीमों ने 8 दमकल, 40 टैंकरों से करीब 3 घंटे में आग पर काबू पाया था। आग से गोदाम में लाखों का नुकसान हो गया था। वहीं दुर्गा मंदिर की पीछे की दीवार भी ढह गई थी। 2 स्कूलों सहित 28 गोदाम चिह्नित
वहीं दूसरी ओर फर्नीचर गोदाम में भीषण आग के घटनाक्रम के बाद नगर परिषद ने शहर में आबादी क्षेत्र में बिना फायर एनओसी के चल रहे व्यावसायिक गोदामों को चिह्नित कर बंद करने के निर्देश दिए हैं। टीम ने शहर में आबादी क्षेत्र में बिना फायर एनओसी के चल रहे 2 स्कूलों सहित 28 गोदाम चिह्नित किए हैं। गोदाम मालिकों को नोटिस जारी कर 24 घंटे में आबादी क्षेत्र में फायर एनओसी के बिना चल रही व्यावसायिक गतिविधियों को बंद करने के निर्देश दिए। बिना फायर एनओसी के चल रहे गोदाम
नगर परिषद आयुक्त कमलेश मीणा ने बताया कि यदि नियम विरूद्ध गोदाम संचालित मिले तो सीज की कार्रवाई की जाएगी। टीम ने दो स्कूलों सहित 28 गोदामों पर नोटिस चस्पा किए हैं। 24 घंटे में आबादी क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियां बंद नहीं करने पर गोदामों को सीज करने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं आगजनी में क्षतिग्रस्त हुए फर्नीचर के गोदाम भवन से खतरे की आशंका को लेकर डिस्मेंटल करने के लिए मालिक को भी नोटिस जारी किया है। सख्त एक्शन लिया जाएगा- प्रशासक
मामले को लेकर एडीएम और नगर परिषद प्रशासक अरविंद शर्मा ने बताया कि आगजनी के घटनाक्रम में काफी नुकसान हुआ है, लेकिन गनीमत रही कि जनहानि नहीं हुई। ऐसे में आबादी क्षेत्र में नियम विरूद्ध संचालित हो रहे गोदामों को चिन्हित कर नोटिस देने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सख्त एक्शन लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *