भास्कर न्यूज | जांजगीर राहौद बस्ती मेन रोड पर आज दोपहर करीब 3.45 बजे तेज रफ्तार के कारण दो बाइक सवार आमने-सामने टकरा गए। हादसे में दोनों बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके से गुजर रहे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर उमेश कुमार कश्यप और एसडीओपी चांपा यदुमणि सिदार ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए घायलों की मदद की। घटना की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने स्थानीय लोगों की सहायता से एसडीओपी शिवरीनारायण के सरकारी वाहन का उपयोग कर घायलों को तुरंत पामगढ़ अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने के बाद एएसपी और एसडीओपी ने खुद घायलों की स्थिति की जानकारी ली और अस्पताल स्टाफ के साथ मिलकर उनकी प्राथमिक उपचार व्यवस्था सुनिश्चित की। मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत करते हुए एएसपी उमेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश में सड़क सुरक्षा माह चल रहा है, ऐसे में सभी वाहन चालकों को नियमों का पालन करना चाहिए। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि एक छोटा सा हेलमेट जिंदगी बचा सकता है और नियमों का पालन कर हम अपनी और दूसरों की जान सुरक्षित रख सकते हैं।


