इंदौर के देवगुराड़िया क्षेत्र में रहने वाले एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक रात में ड्यूटी खत्म होने के बाद बाइक से अपने ससुराल जा रहा था, तभी रास्ते में अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कनाड़िया पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक हादसा गुरुवार रात करीब 9:30 बजे ग्राम बुराड़ाखेड़ी के पास हुआ। मृतक की पहचान मनीष गोयल (40) पिता मनोज गोयल निवासी दादरा मुंडला ग्राम देवगुराड़िया के रूप में हुई है। मनीष अपनी बाइक से इंदौर से ससुराल ग्राम केमाना की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। राहगीरों ने मनीष के साले को दी सूचना हादसे के बाद मनीष सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा रहा। वहां से गुजर रहे लोगों ने उसे देखा और उसके मोबाइल से उसके साले को घटना की सूचना दी। इसके बाद एम्बुलेंस से मनीष को एमवाय अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान रात करीब एक बजे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि मनीष की पत्नी अपने मायके में ही थी। हादसे से पहले रात में मनीष की पत्नी से बात हुई थी, जिसमें उसने ससुराल में ही रुकने की बात कही थी। मनीष के परिवार में पत्नी, एक बेटा, भाई और माता-पिता हैं। वह पेशे से लोडिंग वाहन चालक था। सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।


