मैहर, रीवा और सतना जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए पांच सड़क हादसों में छत्तीसगढ़ के युवक सहित 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने सभी मामलों में मर्ग व अपराध दर्ज कर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। केस-1 : मैहर कोतवाली क्षेत्र में एनएच-30 पर टमस पुल के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में करतहा निवासी पुष्पेन्द्र पांडेय (28) की मौत हो गई, जबकि उमाकांत पयासी घायल हो गया। दोनों संक्रांति मेला देखकर लौट रहे थे।
केस-2 : मैहर कोतवाली क्षेत्र में पहाड़ी के पास अज्ञात भारी वाहन की टक्कर से रमपुरवा निवासी गगन कोल (19) की मौके पर मौत हो गई। वह बाइक से बहन के घर जा रहा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया। केस-3 : कोठी थाना क्षेत्र में प्रयागराज से लौट रहे छत्तीसगढ़ के परिवार की कार और हाइवा की भिड़ंत हो गई। हादसे में कबीरधाम निवासी संजय चंद्रवंशी (40) की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। स्टेट हाइवे पर जाम की स्थिति बनी। केस-4 : कोलगवां थाना क्षेत्र के कृपालपुर मोड़ पर हाइवा की टक्कर से बाइक सवार निर्मला वर्मा (50) की मौत हो गई, जबकि पति लक्ष्मण प्रसाद वर्मा घायल हो गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर अपराध दर्ज किया है। रीवा: स्कूल जा रहे कक्षा-4 के छात्र को ट्रक ने कुचला समान थाना क्षेत्र के रतहरा में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने 10 वर्षीय छात्र को कुचल दिया। हादसे में कक्षा-4 में पढ़ने वाले रुद्र त्रिपाठी की मौके पर ही मौत हो गई। वह बड़ी बहन के साथ पैदल स्कूल जा रहा था। सड़क पार करते समय ट्रक की चपेट में आ गया, जबकि बहन बाल-बाल बची। हादसे के बाद ट्रक डिवाइडर से टकराया और चालक फरार हो गया। पुलिस ने शव को संजय गांधी अस्पताल मर्चुरी भेजकर ट्रक जब्त कर लिया है।


