अशोकनगर में ओवरलोडिंग का एक वीडियो सामने आया है। इसमें भूसे से भरी पल्ली वाला एक ट्रैक्टर सड़क पर दो पहियों पर चलती दिखाई दे रही है। ट्रैक्टर के आगे के दोनों पहिए हवा में झूल रहे थे और वह तेज रफ्तार में दौड़ रहा था। यह घटना तब हुई जब बाजार में काफी चहल-पहल थी। यह पूरी घटना गुरुवार रात की है। शुक्रवार सुबह इसका वीडियो सामने आया। यह घटना गुरुवार रात बहादुरपुर क्षेत्र में हुई। लोगों ने इस दृश्य को देखकर खुद ही अपने वाहनों को किनारे कर लिया। पैदल चलने वाले सड़क से हट गये। वीडियो में दिख रहा है कि स्वराज कंपनी का यह ट्रैक्टर-ट्रॉली भूसे से इतनी भरी थी कि उसने पूरी सड़क घेर ली थी। ट्रॉली से भूसे की पल्ली दोनों ओर लटक रही थी। ट्रैक्टर सड़क के बीच सेंटर में दौड़ रहा है। 5 फीट ऊपर थे आगे के पहिए
वीडियो में साफ दिख रहा है कि ट्रैक्टर के आगे के दोनों पहिए लगभग 5 फीट ऊपर हवा में थे। चालक इसे तेज रफ्तार में चला रहा था, जिससे यह किसी स्टंट जैसा लग रहा था। सड़क पूरी तरह से घिर जाने के कारण अन्य वाहनों को रास्ता देने के लिए किनारे हटना पड़ा। गनीमत रही की कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। जिस प्रकार ट्रैक्टर चल रहा था बड़ी घटना हो सकती थी। वीडियो में एक बाइक चालक बाल-बाल बचता भी दिखाई दे रहा है। ओवरलोड कर वाहन को सड़क के बीच में ले जाने को लेकर अभी तक ट्रैक्टर चालक पर कोई कार्रवाई नहीं है।


