धरने पर बैठे स्टूडेंट, बोले-पुलिस ने लाठीचार्ज की धमकी दी:स्कूल से उठाकर टेंट हटाया, मंदिर के बाहर शुरू किया धरना, बोले-पेरेंट्स को डरा रहे है

भीलवाड़ा में स्कूल लेक्चरर के ट्रांसफर के विरोध में धरने पर बैठे बच्चों को शुक्रवार सुबह स्कूल के बाहर से हटाया गया। इसके बाद वहां पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। वहां लगे टेंट को भी पुलिस ने हटा दिया है। इधर, सभी बच्चे गांव के एक मंदिर के बाहर आकर बैठ गए और दोबारा धरने पर बैठ गए। बच्चों ने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन उन्हें और उनके पेरेंट्स को लगातार धमका रहा है। धरने से हटाने के लिए भी उन्हें लाठी चार्ज करने की धमकी दी। बच्चों का कहना है कि जब ​तक भूगोल के लेक्चरर शंकरलाल जाट का ट्रांसफर निरस्त नहीं हो जाता वे धरने पर बैठे रहेंगे। पांच दिनों से चल रहा है धरना, शुक्रवार सुबह पुलिस ने बच्चों को हटाया दरअसल, 11 जनवरी को नंदराय कस्बे के राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक स्कूल में पदस्थापित भूगोल के लेक्चरर शंकरलाल जाट का ट्रांसफर भीलवाड़ा के राजेंद्र मार्ग स्कूल में कर दिया गया था। इससे नाराज छात्र-छात्राएं 12 जनवरी को शाम करीब 4 बजे धरने पर बैठ गए थे। लगातार पांच दिन से ये धरना चल रहा है। इधर, गुरुवार को भी एसडीएम तान्या रिणवा बच्चों से समझाइश करने पहुंचीं थी लेकिन वे नहीं माने। इस पर सुबह पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और बच्चों को स्कूल के बाहर से हटाया गया। इस दौरान पुलिस ने छात्र-छात्राओं पर हल्का बल प्रयोग भी किया। इसके साथ ही वहां लगे टेंट को हटवा दिया। इसके बाद सभी स्टूडेंट स्कूल के बाहर से हटकर पास में ही बने एक मंदिर पर पहुंच गए और वहां धरने पर बैठ नारेबाजी की। स्कूल के बाहर पुलिस जाब्ता तैनात, स्टूडेंट बोले- हमारे पेरेंट्स और साथ देने वाले ग्रामीणों को धमका रहे है इधर, शुक्रवार बच्चों को स्कूल के बाहर से हटाने के बाद वहां पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया है। मौके के हालत को देखते हुए कोटड़ी एसडीएम तान्या रिणवा, ​डिप्टी सुरेश कुमार डाबरिया, कोटड़ी थाना प्रभारी महावीर प्रसाद मीणा और पारोली थान प्रभारी प्रभाती लाल मौजूद है। वहीं धरने पर बैठी छात्राओं ने आरोप लगाया- हम पर लाठीचार्ज करने की धमकी दी गई। प्रशासन की ओर से लगातार डराया और धमकाया जा रहा है। इतना ही नहीं हमारा साथ देने वालों को भी प्रशासन डरा और धमका रहा है। स्टूडेंट़्स का कहना है कि हमारे पेरेंट्स और हमारा साथ देने वाले को डराए मत, साथ देने दीजिए।​ यदि किसी भी बच्चे को कुछ हुआ तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। सात छात्राओं की तबीयत बिगड़ी,दो हो गई थी बेहोश, रात में धरने पर पेरेंट्स भी बैठे गुरुवार को धरने पर बैठी 7 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। छात्राएं सुबह से भूखी थीं। इसके चलते 2 छात्राएं बेहोश हो गईं, जबकि 5 अन्य बदहवास होकर रोने लगीं। इस पर टीचर्स और साथी स्टूडेंट्स ने पानी पिलाकर छात्राओं को संभाला था। बेहोश हुईं छात्राओं को स्टाफ रूम में ले जाया गया, जहां डॉक्टर को बुलाकर उनका चेकअप करवाया और घर भेज दिया गया। इससे पहले SDM तान्या रिणवा धरने पर बैठे छात्र-छात्राओं से बात करने पहुंचीं। इस दौरान एक छात्र खड़ा होकर नारे लगाने लगा तो SDM भड़क गईं। SDM और छात्र के बीच बहस हो गई। एसडीएम ने छात्र से कहा- टीचर ने आपको पढ़ाया है तो अमेरिका की पांच नदियों के नाम बताओ। बच्चे ने जवाब देने से मना कर दिया। इस पर SDM ने कहा- आप नेता मत बनो। बच्चों की तबीयत बिगड़ने के बाद देर रात पेरेंट्स भी धरना स्थल पर पहुंचे और बच्चों के साथ रात भी वहीं बिताई। 11 ग्रामीणों को भेजा गया समन SDM की समझाइश के बाद भी नहीं मानने पर गुरुवार को 11 ग्रामीणों को समन भेजा गया है। इसमें धारा 126/135 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) के तहत भेजे नोटिस में लिखा- आप शांति भंग करने पर आमादा हैं। इसलिए आप 16 जनवरी को उपखंड मजिस्ट्रेट कोटड़ी के मजिस्ट्रेट ऑफिस में उपस्थित हो। कारण बताएं कि आपसे अगले 6 महीने शांति स्थापित करने की अपेक्षा कैसे की जाए। इसके लिए 10 हजार रुपए बॉन्ड (बंध पत्र) भरकर जमा करवाएं। ये खबर भी पढें… छात्र के नारे लगाने पर भड़कीं SDM, बोलीं-नेता मत बनो:किससे बात कर रहे हो; टीचर के ट्रांसफर के विरोध में धरने पर बैठी छात्राएं बेहोश हुईं भीलवाड़ा में स्कूल लेक्चरर के ट्रांसफर के विरोध में धरने पर बैठी 7 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। छात्राएं सुबह से भूखी थीं। इसके चलते 2 छात्राएं बेहोश हो गईं, जबकि 5 अन्य बदहवास होकर रोने लगीं। इस पर टीचर्स और साथी स्टूडेंट्स ने पानी पिलाकर छात्राओं को संभाला। (यहां पढ़ें पूरी खबर)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *