दिल्ली में खड़गे से मिले CM सुक्खू:कैबिनेट विस्तार पर मंथन, मंत्री-अफसर विवाद पर चर्चा, राष्ट्रीय अध्यक्ष के एकजुट रहने के निर्देश

हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब प्रदेश की राजनीति में मंत्री-अफसर विवाद, कैबिनेट विस्तार और संगठन बनाने को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सूत्रों के अनुसार- लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के हालिया बयान के बाद प्रदेश में मचे सियासी घमासान को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सीएम को इस मुद्दे को कैबिनेट में समन्वय बनाकर सुलझाने की सलाह दी है। उन्होंने आपसी मतभेदों को सार्वजनिक मंच पर आने से रोकने और संगठन की एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया। कैबिनेट विस्तार को लेकर भी चर्चा सूत्र बताते हैं कि इस मुलाकात के दौरान कांग्रेस संगठन के विस्तार और कैबिनेट एक्सपेंशन को लेकर भी मंथन हुआ। सुक्खू कैबिनेट में मंत्री का एक पद लंबे समय से खाली पड़ा हुआ है। कांग्रेस सरकार के 3 साल पूरे हो जाने के बावजूद इस पद को नहीं भरा गया। ऐसे में माना जा रहा है कि जल्द ही कैबिनेट में फेरबदल कर खाली पद को भरा जा सकता है। चर्चा यह भी है कि एक मंत्री को ड्रॉप करके उनके बेटे की सरकार के बोर्ड-निगमों में ताजपोशी की जा सकती है। ऐसा हुआ तो दो विधायकों को कैबिनेट मंत्री बनने का अवसर मिलेगा। सुंदर ठाकुर का नाम आगे कैबिनेट मंत्री पद की दौड़ में कुल्लू से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। सुंदर ठाकुर इसी सरकार में मुख्य संसदीय सचिव (CPS) रह चुके हैं, हालांकि हाईकोर्ट के आदेशों के बाद उन्हें यह पद छोड़ना पड़ा था। इसके अलावा, ज्वालाजी से विधायक संजय रत्न और पालमपुर से विधायक आशीष बुटेल के नाम भी संभावित मंत्रियों की सूची में शामिल बताए जा रहे हैं। एक मंत्री ड्रॉप हुआ तो सीएम सुक्खू के करीबी अर्की से विधायक संजय अवस्थी की भी लॉटरी लग सकती है। डिप्टी स्पीकर की भी होनी है तैनाती वहीं, डिप्टी स्पीकर का पद भी भरा जाना है। कांग्रेस विधायक विनय सिंह के पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद से यह पद खाली चल रहा है। डिप्टी स्पीकर और अन्य राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ विचार-विमर्श हुआ है। कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष की यह मुलाकात प्रदेश की राजनीति के लिहाज से अहम मानी जा रही है। आने वाले दिनों में कैबिनेट विस्तार और संगठनात्मक फैसलों को लेकर बड़े ऐलान होने की संभावना जताई जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *