चंडीगढ़ में बिल्डर के घर पर 6 राउंड फायरिंग:चिट्ठी फेंककर फरार हुए बदमाश, पंजाब पुलिस से मिले हैं 5 गनमैन

चंडीगढ़ के सेक्टर-21 में बिल्डर अंकित सधाना के घर के बाहर फायरिंग की गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार बदमाशों ने 5 से 6 राउंड फायरिंग की। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस स्टेशन-19 की प्रभारी इंस्पेक्टर सरिता राय टीम के साथ मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। घर के अंदर व बाहर से सबूत जुटाए गए। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि फायरिंग करने वालों ने अंकित के घर के बाहर एक चिट्ठी भी फेंकी है। पुलिस उस चिट्ठी की जांच कर रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चिट्ठी में क्या लिखा है और उसका मकसद क्या था। गनमैनों से भी पूछताछ की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही फायरिंग के पीछे की असली वजह साफ हो पाएगी। पुलिस इस मामले में गैंगस्टर एंगल से भी जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि कहीं यह फायरिंग फिरौती मांगने के दबाव में तो नहीं की गई। पुलिस के मुताबिक, अंकित सधाना बड़े बिल्डर हैं। मोहाली के साथ-साथ हरियाणा में भी उसके कई प्रोजेक्ट चल रहे हैं। सुबह देखे गोली के खोल
पुलिस को दी शिकायत में अंकित सधाना ने बताया कि उन्हें रात में फायरिंग की जानकारी नहीं थी। सुबह उठने पर जब उन्होंने घर के बाहर गोली के खाली खोल पड़े देखे, तब उन्हें घटना का पता चला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। अंकित का कहना है कि रात के समय उन्हें किसी फायरिंग की आवाज नहीं सुनाई दी और उन्हें लगा कि शायद कोई पटाखे चला रहा होगा। पंजाब पुलिस से मिले 5 गनमैन
पुलिस जांच में सामने आया है कि अंकित को पंजाब पुलिस की ओर से 5 गनमैन सुरक्षा में मिले हुए हैं, इसके बावजूद रात के समय घर के बाहर फायरिंग कैसे हो गई और किसी को भनक तक नहीं लगी। चंडीगढ़ पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना के समय गनमैन कहां थे, क्या वे ड्यूटी पर मौजूद थे या नहीं। सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक तो नहीं हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *