कांग्रेस बोली SIR में भाजपा ​MLA ने कटाए नाम:कांग्रेस ने कलेक्टर से कहा मामला दर्ज हो, विधायक बोले शिकायत तो कर सकते है, गलत क्या

वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर उदयपुर में राजनीति गरमा गई है। आज कांग्रेस ने उदयपुर कलेक्टर को दस्तावेज देकर उदयपुर के उदयपुर शहर से आने वाले भाजपा विधायक ताराचंद जैन और अन्य पर नाम कटाने का आरोप लगाते हुए उन पर मामला दर्ज कराने की मांग की। इधर, विधायक जैन ने कहा कि आरोपों में कोई दम नहीं है। बोले कि मुझे शिकायत मिली तो मैंने अपनी तरफ से लिखकर दिया जांच में साफ हो जाएगा इसमें क्या है। उदयपुर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने बताया कि उदयपुर शहर विधानसभा में भाजपा विधायक ताराचंद जैन और भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने शहर कांग्रेस कार्यकर्ता, अल्पसंख्यक मतदाताओं के नाम कटवाने की अर्जी दी। राठौड़ ने दस्तावेज पेश करते हुए कहा कि जैन ने धोलीबावड़ी इलाके में 60 नाम कटाने के लिए विधायक जैन ने अपने हस्ताक्षर और मोबाइल नंबर के साथ दिया है। इसी प्रकार आयड़ क्षेत्र में भी 200 नाम कटाने के लिए जैन ने हस्ताक्षर किए है। उन्होंने बताया कि उदयपुर शहर में हेलो की गवाड़ी इलाका जिसकी पुरानी भाग संख्या 193 है उसमें 82 मतदाताओं के नाम भाजपा का मोहित सनाढ्य नाम के कार्यकर्ता ने नाम कटाने के लिए अर्जी दी है। हम आज जिला कलेक्टर नमित मेहता से मिले और उनसे मांग करते हुए कहा कि विधायक और कार्यकर्ता जिन्होंने ये काम किया उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो। राठौड़ ने कहा कि कार्रवाई नहीं की जाएगी तो कांग्रेस कार्यकर्ता यहां कलेक्टरी के बाहर धरने पर बैठेंगे। इधर, शहर जिला कांग्रेस कमेटी बी ब्लॉक के अध्यक्ष अजय सिंह ने भी ​कलेक्टर को ज्ञापनर देकर शिकायत दर्ज कराई। भाजपा विधायक बोले जांच में साफ हो जाएगा इस बारे में उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने भास्कर को बताया कि मुझे पार्टी कार्यकर्ताओं से लेकर जमीनी स्तर पर जो शिकायतें मिली उसके आधार पर मैंने निर्वाचन विभाग को लिखकर दिया है। इसमें सिर्फ अल्पसंख्यक मतदाताओं की ही बात करना गलत है, इसमें सभी वर्ग के मतदाता हो सकते है। उन्होंने कहा कि मुझे जो शिकायतें मिली उसमें इन नामों को लेकर कहा गया कि ये मतदाता यहां नहीं रहते है, किसी की शादी हो गई है किसी का दूसरी जगह नाम है आदि। इसमें क्या गलत है, नियमानुसार जांच होगी और उसमें अगर मतदाता का नाम सही होगा तो रह जाएगा और गलत होगा तो कट जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *