हनुमानगढ़ में युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को गवर्नमेंट नेहरू मेमोरियल पीजी कॉलेज में एक जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यशाला जिला प्रशासन, जिला उद्योग केंद्र और मेरा युवा भारत मिशन के संयुक्त तत्वावधान में हुई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने भाग लिया। कार्यशाला में बैंक अधिकारियों ने केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इनमें प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, स्टैंड-अप इंडिया योजना और एमएसएमई से संबंधित ऋण व सब्सिडी योजनाएं शामिल थीं। अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं से युवा कम पूंजी में अपना व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। इस अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में स्वरोजगार एक सशक्त विकल्प के रूप में उभरा है। उन्होंने युवाओं से केवल सरकारी नौकरी पर निर्भर न रहकर उद्यमिता की ओर भी कदम बढ़ाने का आह्वान किया। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंधक अभिषेक शाह ने स्वरोजगार लोन में सिबिल स्कोर की अहमियत पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जिन आवेदकों का सिबिल स्कोर बेहतर होता है और दस्तावेज पूरे होते हैं, उन्हें ऋण प्राप्त करने में आसानी होती है। कार्यक्रम में कॉलेज प्राचार्य डॉ. रामपाल अहरोदिया, नेहरू युवा केंद्र की जिला युवा अधिकारी रीना केसरिया और जिला युवा कार्यक्रम सलाहकार समिति सदस्य दलीप वर्मा सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कार्यशाला के समापन पर प्रतिभागियों ने स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लिया।


