भोपाल में एक साढ़े तीन साल की बच्ची को जलाने का मामला सामने आया है। बच्ची की नानी किरण ने 14 जनवरी को थाने में आवेदन दिया है। आरोप लगाया है कि मेरी बेटी काजल और उसके साथ रहने वाला युवक विजयपाल बच्ची के साथ मारपीट करते हैं। उसे गर्म वस्तु से जलाया गया है। आवेदन के आधार पर पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया और प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार काजल कुछ समय पहले घर छोड़कर चली गई थी। बाद में वापस लौट आई। लौटने पर मां किरण ने कारण पूछा तो बताया कि आपसी विवाद चल रहा था। इसी दौरान बच्ची के शरीर पर जलने के निशान देखे गए। मेडिकल जांच में जलने की पुष्टि होने के बाद मामले में विधि संगत धाराएं लगाई गई हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बच्ची को जानबूझकर जलाया गया या लापरवाही में यह घटना हुई, इसकी विवेचना जारी है। पुलिस का कहना है कि काजल और विजयपाल के संबंधों को लेकर भी जांच की जा रही है। दोनों पति-पत्नी हैं या नहीं, या प्रेम संबंध था, यह तथ्य विवेचना के बाद ही स्पष्ट होगा। अभी आरोपी पक्ष ने घटना की वजह स्वीकार नहीं की है। आसपास के लोगों और अन्य गवाहों से पूछताछ की जा रही है। बच्ची की हालत फिलहाल सामान्य बताई गई है। वह चल-फिर रही है और किसी तरह की गंभीर समस्या नहीं है। पुलिस का कहना है कि घटना एक-दो दिन पहले की हो सकती है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


