अशोकनगर कलेक्टर के निरीक्षण में गैरहाजिर पटवारी सस्पेंड:एसडीएम ने की कार्रवाई; ग्रामीण बोले-गांव नहीं आने से काम करवाने में होती है दिक्कत

अशोकनगर जिले की शाढौरा तहसील के ग्राम झीला में कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाई गईं पटवारी अरुणा कलावत को निलंबित कर दिया गया है। एसडीएम शुभ्रता त्रिपाठी ने शुक्रवार को पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया। यह कार्रवाई 14 जनवरी को कलेक्टर आदित्य सिंह के शाढौरा तहसील के ग्राम झीला भ्रमण के बाद की गई। निरीक्षण के दौरान हल्का क्रमांक-29 झीला की पटवारी अरुणा कलावत अपने हल्का मुख्यालय पर अनुपस्थित मिलीं। सूचना दिए जाने के बावजूद वे ग्राम में कलेक्टर के समक्ष उपस्थित नहीं हुईं। मौके पर उपस्थित ग्रामीणों ने बताया कि संबंधित पटवारी नियमित रूप से ग्राम में उपस्थित नहीं रहती हैं। इसके कारण किसानों के कार्य समय पर पूरे नहीं हो पाते और उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान होना पड़ता है। प्रशासन के अनुसार, मुख्यालय पर अनुपस्थित रहना, वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करना, हल्का क्षेत्र का नियमित भ्रमण न करना और लगातार मिल रही शिकायतें शासकीय कार्य में घोर लापरवाही एवं कर्तव्य के प्रति उदासीनता को दर्शाती हैं। इसे गंभीर कदाचार माना गया है। इन्हीं कारणों के आधार पर अरुणा कलावत को मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम-9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय अशोकनगर रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *